देहरादून। प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत सुनवाई से 1 लाख से अधिक मतदाता अनुपस्थित रहे हैं। अब चुनाव आयोग ऐसे मतदाताओं को दोबारा नोटिस भेज रहा है।
जानकारी के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड और विसंगति के मामलों में कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि 1 लाख 10 हजार मतदाता किसी कारणवश सुनवाई में शामिल नहीं हो सके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं को पुनः सुनवाई का अवसर दिया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रहे।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी दावों और आपत्तियों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।








