चमोली। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बिगड़ गई है। हाथी पहाड़ के पास हाईवे का करीब 20 मीटर हिस्सा धंस गया है और जगह-जगह भारी मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। हाईवे बंद होने के कारण बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।
मारवाड़ी चौकी से आगे क्रशर के पास भी बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे हैं, जिससे कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई अन्य स्थानों पर भी सड़क धंसने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलने के बाद प्रशासन और बीआरओ की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और सड़क को खोलने के काम में जुट गई हैं। जेसीबी से मलबा हटाने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है और मौसम सामान्य होते ही मार्ग को जल्द सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।








