लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
जिलाधिकारी आशीष सिंह चौहान ने सोमवार देर रात मौसम विभाग की रिपोर्ट और तहसीलों से मिली ताजा स्थिति का जायजा लिया। रिपोर्ट में बारिश के जारी रहने और कई इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए उन्होंने स्कूल बंद करने का निर्देश दिया। इसके बाद अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा की ओर से अवकाश का आदेश जारी कर दिया गया।
हालांकि मौसम विभाग ने अभी येलो अलर्ट ही जारी किया है, लेकिन बीते 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। अधिकारियों का कहना है कि ताकि बच्चों और अभिभावकों को खराब मौसम में दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसलिए एक दिन का अवकाश रखा गया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वह बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और मौसम की अपडेट पर नजर बनाए रखें। साथ ही कहा कि स्थिति के अनुसार आगे भी निर्णय लिए जा सकते हैं।






