देहरादून। राजधानी में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता राजेंद्र बहुगुणा की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह शास्त्रीनगर स्थित घर से सुबह की सैर पर निकले थे।
जानकारी के अनुसार कांवड़ यात्रा से लौट रहे एक बाइक सवार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बाइक एक नाबालिग चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह मंदिर में जल अर्पित करने के बाद वापस लौट रहा था और रास्ते में झपकी आने के कारण बाइक का नियंत्रण खो बैठा। बाइक सीधे सड़क किनारे पैदल चल रहे राजेंद्र बहुगुणा से जा टकराई।
मूल रूप से श्रीनगर के बालोडी गांव के रहने वाले राजेंद्र बहुगुणा MDDA में सहायक अभियंता के पद पर तैनात थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








