रुद्रपुर।उधम सिंह नगर जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार सुबह एक वांटेड बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में बदमाश जितेंद्र चौधरी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपियों सुमित राठौर और चंदन को भी मौके से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी लंबे समय से फरार चल रहा था। वह जिले में हुई कई आपराधिक घटनाओं में शामिल था। उस पर 21 जून को गाबा चौक पर हुई गोलीबारी और 30 जून की रात ट्राला पर हुई फायरिंग के मामले में भी तलाश चल रही थी।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि जितेंद्र चौधरी अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रुद्रपुर इलाके में घेराबंदी शुरू की।
पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागकर पास के एक आम के बगीचे में घुस गए। पुलिस का कहना है कि बगीचे से बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने सुमित राठौर और चंदन को भी हिरासत में ले लिया।
घायल जितेंद्र को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमों के साथ नए मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।








