देहरादून के सेवलाकलां क्षेत्र स्थित एक अशासकीय स्कूल में छात्रों के तिलक लगाकर आने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि स्कूल के शिक्षकों ने छात्रों के माथे से तिलक मिटवा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाते हुए इसे सनातन परंपरा का अपमान बताया।
बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार की है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और स्थानीय स्तर पर इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
बजरंग दल का हंगामा
बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि तिलक भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में किसी छात्र को तिलक लगाने से रोकना या उसे मिटवाना धार्मिक भावनाओं को आहत करने जैसा है। संगठन ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूलों में सभी धर्मों और उनकी परंपराओं का सम्मान होना चाहिए।







