श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान माँ धारी देवी मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां धारी देवी के दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश और निकास मार्गों सहित आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने में सहयोग कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि मंदिर क्षेत्र में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
महिला, बुजुर्ग एवं बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
चारधाम यात्रा के इस पावन अवसर पर धारी देवी मंदिर में उमड़ रही श्रद्धा की यह भीड़ क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का जीवंत उदाहरण बन गई है।








