श्रीनगर (गढ़वाल)। ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रही अभिनेत्री उर्मिला सनावर आजकल उत्तराखंड के दौरे पर हैं।
राज्य के चर्चित अंकिता भण्डारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर जनआवाज़ तेज होती नजर आ रही है। इसी क्रम में एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने आज माँ धारी देवी मंदिर पहुंचकर अंकिता भण्डारी को न्याय दिलाने के लिए संकल्प लिया।
मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उर्मिला सनावर ने कहा कि यह संकल्प केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि न्याय की मांग को मजबूती देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि अंकिता भण्डारी प्रकरण में सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
इस दौरान उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता पीसी थपलियाल भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि यह पहल जनसमर्थन जुटाने और मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उर्मिला सनावर ने संकेत दिए कि वह आने वाले समय में इस प्रकरण से जुड़े तथ्यों और कथित रूप से शामिल प्रभावशाली लोगों (वीआईपी) की भूमिका को भी उजागर करने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को आगे आकर न्याय की इस लड़ाई में अपनी आवाज़ बुलंद करनी होगी, ताकि पीड़िता को इंसाफ मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








