मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 26 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान न तो बारिश होगी और न ही बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि तापमान में लगातार गिरावट के कारण ठंड का असर बढ़ता जाएगा। खासतौर पर रातें अधिक सर्द होंगी, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और श्वसन रोग से पीड़ित लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी सर्द हवाएं उत्तराखंड के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसी कारण मैदानी जिलों में कई स्थानों पर घना कोहरा छा रहा है, जिससे शीत दिवस जैसी स्थिति बन रही है। हाल के दिनों में कुछ क्षेत्रों में सामान्य तापमान की तुलना में आठ से नौ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। आने वाले सप्ताह में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक और कमी आने की संभावना है।







