देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपर सचिव संजय टोलिया के पिता का निधन हो गया है। अपर सचिव संजय टोलिया के पिता कुंदन टोलिया वर्ष 1998 से 2008 तक लगातार दो बार मुनस्यारी के ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। वे 82 वर्ष के थे। उनके निधन पर जिला रेडक्रॉस समिति ने दुःख व्यक्त किया है।वह नगर पालिका पिथौरागढ़ के उपाध्यक्ष रहने के साथ भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति, जनजाति मोर्चा सहित तमाम पदों पर कार्यरत रहे हैं।
कुंदन सिंह टोलिया वर्तमान में अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस समिति राज्य शाखा उत्तराखंड के पद पर कार्यरत थे। जोहार घाटी के उत्थान और विकास के लिए उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री धामी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कुंदन टोलिया वरिष्ठ भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने मुनस्यारी मे पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान की है। उनका निधन अपूर्णीय क्षति है। उनके निधन पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, खजान दास सहित अन्य मंत्रियों और विधायकों ने शोक प्रकट किया है।