देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई तीन अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने पूरे शहर को दहला दिया है। राजधानी के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों ने न सिर्फ लोगों में डर पैदा कर दिया है, बल्कि पुलिस की गश्त और कानून व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। तीनों घटनाओं में वजह अलग-अलग थी, कहीं मामूली विवाद, कहीं संपत्ति का झगड़ा और कहीं नशे की लत ने एक परिवार को उजाड़ दिया।
पहली घटना – सुरी चौक पर 15 साल के अर्श की मौत
पहली घटना सुरी चौक इलाके में हुई। यहां लड़कों के बीच मामूली विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि अर्श के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा है, लोग पूछ रहे हैं कि आखिर मामूली कहासुनी इतनी बड़ी वारदात में कैसे बदल गई।
दूसरी घटना – रायपुर में संपत्ति विवाद में खुखरी से हत्या
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में सामने आई। यहां संपत्ति के विवाद को लेकर गौरव नाम के युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
तीसरी घटना – बेटे ने ही पिता को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट
तीसरी और सबसे दिल दहला देने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। सोमवार शाम करीब 7 बजकर 15 मिनट पर पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मदन राणा पर उनके बेटे नितिन राणा ने चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 35 वर्षीय नितिन नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। इसी को लेकर घर में विवाद हुआ। जब पिता मदन राणा ने बीच-बचाव किया तो नितिन ने गुस्से में आकर पिता पर ही चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
तीनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर जांच शुरू कर दी है। देहरादून के एसएसपी ने कहा है कि तीनों घटनाओं में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब ये भी जांच कर रही है कि क्या इन घटनाओं में कहीं कोई आपसी कनेक्शन तो नहीं है, या ये तीनों अलग-अलग घटनाएं हैं।
लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से देहरादून के लोगों में भय का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि राजधानी में अब दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, ये चिंता की बात है। विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।











