रुद्रपुर। एसटीएफ उत्तराखंड ने बाजपुर में नकली दवाइयां बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बिना वैध लाइसेंस के नामी कंपनियों के नाम पर एलोपैथिक दवाएं तैयार की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटेक प्लॉट F-13 और F-14 पर छापेमारी की।
छापे के दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली और अपमिश्रित दवाएं बरामद हुईं। इनमें करीब 1 लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा दवाओं की पैकिंग मशीनें, बड़ी संख्या में अवैध अंग्रेजी शराब, आबकारी विभाग के होलोग्राम और पैकिंग सामग्री भी मिली।
बरामद दवाएं एसिडिटी, एंटीबायोटिक, दर्द और सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट, कैल्शियम-विटामिन की कमी और आयरन सप्लीमेंट के उपचार में इस्तेमाल की जाती थीं।
एसटीएफ के अनुसार इस पूरे रैकेट में कई लोग शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।








