देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में चैट वायरल करने के मामले ने एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत को गरमा दिया है। इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य के घर के बाहर पहुंचकर धरना और प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अंकिता मामले में सच्चाई को दबाया जा रहा है और जिन सवालों के जवाब जनता मांग रही है, उन्हें टाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद कांग्रेस नेत्री पूनम भगत भी कार्यकर्ताओं के साथ आगे की कतार में थीं। जैसे ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, वहां धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी अफरा-तफरी में पूनम भगत जमीन पर गिर गईं। गनीमत रही कि उनका सिर फूटने से बच गया, नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
सड़क पर भीड़, नारे और पुलिस की घेराबंदी के बीच यह प्रदर्शन काफी देर तक चलता रहा।
कांग्रेस का आरोप है कि अंकिता मामले में बड़े नामों को बचाया जा रहा है और जो लोग आवाज उठा रहे हैं, उन्हें ही दबाया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना जरूरी था।
अंकिता भंडारी का मामला शुरू से ही उत्तराखंड के लिए एक दर्दनाक और संवेदनशील मुद्दा रहा है। अब चैट वायरल होने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है और विनोद आर्य के घर के बाहर हुआ यह हंगामा बता रहा है कि यह आग अभी ठंडी नहीं हुई है।










