रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र से नौकरी के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने खुद को राजस्थान पुलिस का दरोगा बताकर लोगों को उत्तराखंड पुलिस में भर्ती कराने का झांसा देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद जाहिद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से खुद को राजस्थान पुलिस में तैनात दरोगा बताकर युवाओं को उत्तराखंड पुलिस में भर्ती कराने का लालच दे रहा था। इसी क्रम में उसने किशनपुर, थाना नानकमत्ता निवासी तुलसी राणा को पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 40 हजार रुपये ठग लिए। इस संबंध में पीड़िता की मां आशा देवी पत्नी सुखबीर सिंह ने 17 अक्टूबर 2026 को पुलभट्टा थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी ने उनकी बेटी को उत्तराखंड पुलिस के नाम से फर्जी भर्ती और प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज, एडमिट कार्ड आदि देकर भरोसे में लिया था।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से राजस्थान पुलिस का फर्जी पहचान पत्र, उत्तराखंड पुलिस की भर्ती से संबंधित फर्जी दस्तावेज और पुलिस की वर्दी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के साथ अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता, जिसके चलते मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जुड़े हुए अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।









