देहरादून। NSA अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार को पूरा प्रदेश सड़कों पर नजर आया। देहरादून से लेकर ऋषिकेश, हरिद्वार, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, टिहरी, रुड़की, काशीपुर और खटीमा तक लोगों ने प्रदर्शन कर राहुल गांधी के पुतले फूंके।
प्रदर्शनकारियों का सीधा आरोप था कि राहुल गांधी राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे
गंभीर मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि NSA जैसा पद कोई मजाक नहीं है, उस पर बोलने से पहले तथ्य और सबूत होने चाहिए।
लोगों ने कहा कि अजीत डोभाल ने पूरी जिंदगी देश की सुरक्षा के लिए खपा दी है। उत्तराखंड के लिए तो ये मामला और भी भावुक है। यहां हर घर से जवान निकलता है, यहां को वीरभूमि कहा जाता है। डोभाल इसी मिट्टी के लाल हैं, प्रदेश का गौरव हैं, उनका अपमान उत्तराखंड बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है, पर सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा पर बिना तथ्य के आरोप लगाना गलत है। सभी ने एक सुर में राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग की।
भीड़ का कहना था कि देश की सुरक्षा और स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नहीं, जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।











