हरिद्वार। कनखल क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में शनिवार को एक युवती से मिलने पहुंचे युवक को स्थानीय लोगों ने घेरकर जमकर पीटा। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार युवक युवती से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान कुछ लोगों को शक हुआ और देखते ही देखते वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ ने युवक को रोककर उससे पूछताछ की। आरोप है कि गैर समुदाय से संबंध होने की बात सामने आने के बाद लोगों ने युवक पर आरोप लगाते हुए उसकी मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक को कई जगह चोटें आईं। सूचना पर पहुंची कनखल थाना पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से दोस्ती थी और युवती के कहने पर ही युवक वहां आया था।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कह रही है। मामले की जांच जारी है।







