वरिष्ठ भारतीय सूचना सेवा (IIS) अधिकारी सतीश नंबूदिरिपाड जल्द ही दूरदर्शन के नए महानिदेशक (DG) का पदभार संभालेंगे। उन्होंने स्वयं इस नियुक्ति की पुष्टि की है। वर्तमान में वे सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत उत्तर-पूर्व क्षेत्र के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
नंबूदिरिपाड ने 29 जनवरी 2024 को उत्तर-पूर्व क्षेत्र के डीजी का पद संभाला था। अब वे दूरदर्शन के शीर्ष पद पर नियुक्त किए गए हैं और अगले कुछ दिनों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
तीन दशकों का समृद्ध अनुभव
1991 बैच के भारतीय सूचना सेवा अधिकारी नंबूदिरिपाड के पास 30 वर्षों से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने सरकार के विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
वे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर और न्यू मीडिया विंग में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) रह चुके हैं।
भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) में भी बतौर ADG अपनी सेवाएँ दी हैं। यही वह संस्थान है, जहां से उन्होंने अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया था।
इसके अलावा, वे इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस से लोक नीति (पब्लिक पॉलिसी) में मास्टर डिग्री भी हासिल कर चुके हैं।
महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियाँ
नंबूदिरिपाड केरल प्रवासी मामलों के विभाग (NORKA) के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भी रह चुके हैं।
वे केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री के निजी सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय में भारत के कॉपीराइट रजिस्ट्रार का पद भी संभाल चुके हैं।
उनकी नियुक्ति से दूरदर्शन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि वे इस महत्वपूर्ण पद पर क्या नए कदम उठाते हैं।