देहरादून। चुनाव सिर पर आ गया है तो सरकार को अब अचानक बहनों की याद आ गई है। 5 साल तक सरकार को पहाड़ की बहन-बेटियों की कोई सुध नहीं आई, अब जब वोट चाहिए तो बैणी-भूली योजना के नाम पर 10 हजार रुपये की घोषणा कर दी गई।
सरकार कह रही है 5 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये देगी, पहली किस्त दिसंबर में और दूसरी किस्त चुनाव के बाद। मतलब साफ है, पहली किस्त वोट खरीदने के लिए और दूसरी किस्त वोट मिलने के बाद लालच के लिए। अगर सरकार को सच में महिलाओं की चिंता थी तो ये पैसा 5 साल पहले क्यों नहीं दिया? क्यों हर महीने मदद नहीं दी गई?
प्रदेश में 35 से 40 लाख महिलाएं हैं, सरकार सिर्फ 5 लाख को चुनकर पैसा दे रही है। बाकी बहनें क्या इस प्रदेश की नहीं हैं? बाकी बहनों का क्या होगा? ये सिर्फ चुनिंदा वोटरों को साधने का खेल है।
और सबसे बड़ा सवाल यही है – क्या अंकिता किसी की भुली नहीं थी?
अंकिता भी तो किसी की भुली थी, किसी की बेटी थी। 19 साल की पहाड़ की बेटी, जो पौड़ी से आकर ऋषिकेश में नौकरी करती थी, ताकि अपने परिवार का सहारा बन सके। उसकी हत्या ने पूरे उत्तराखंड को हिला दिया था। उसके मां-बाप आज भी न्याय के लिए भटक रहे हैं। उसकी मां आज भी पूछ रही है – मेरी बेटी को न्याय कब मिलेगा?
जब एक असली बहन को न्याय चाहिए था, तब सरकार कहां थी? तब सरकार ने क्यों नहीं सुना? तब बहनों की याद क्यों नहीं आई?
सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बात कर रही है, लेकिन 10 हजार में कौन सा रोजगार शुरू होगा? सिलाई मशीन भी नहीं आती 10 हजार में। महिलाओं को खैरात नहीं, स्थायी रोजगार चाहिए। उनके बेटों, भाइयों, पतियों को नौकरी चाहिए, ताकि घर की आर्थिक स्थिति सुधरे। लेकिन सरकार रोजगार देने में पूरी तरह फेल हो गई है, इसलिए अब पैसे बांटकर चुनाव जीतना चाहती है।
जनता सब समझ रही है। 10 हजार रुपये से वोट नहीं खरीदा जा सकता। बहनें अब बहकावे में नहीं आएंगी। अंकिता को इस प्रदेश ने भुलाया नहीं है, और उसे कभी भुलाया भी नहीं जाएगा।










