चमोली। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है। हालांकि राजनीतिक जानकार इसे मुख्यमंत्री का चुनावी स्टंट कह रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की 5 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला हैं। खेती, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं का बड़ा योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और डीबीटी से महिलाओं का जीवन बदला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11,000 रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले 4 सालों में चमोली के 9 विकासखंडों में 900 से ज्यादा अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी गई है।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के लिए कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।











