उत्तराखंड के सबसे चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में रविवार को फिर बड़ा मोड़ आ गया। मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ प्रेसवार्ता कर मामले से जुड़ी कथित 4085 पेज की व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने का दावा किया। विनोद आर्य का कहना है कि इस चैट में कई ऐसे तथ्य हैं, जिनकी जांच के दौरान अनदेखी की गई।
विनोद आर्य ने दावा किया कि उन्हें वर्ष 2023 में न्यायालय से अंकिता और उसके प्रेमी पुष्प की 4085 पेज की चैट मिली थी। ट्रायल चलने के कारण वह अब तक इस पर कुछ नहीं बोल सके। उनका कहना है कि यह चैट चार्जशीट में भी शामिल थी, लेकिन SIT ने इसके तथ्यों की अनदेखी की। चैट के हवाले से उन्होंने दावा किया कि अंकिता और पुष्प एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन जाति अलग होने के कारण दोनों के माता-पिता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। इसी वजह से प्रताड़ित होकर अंकिता घर छोड़कर चली गई थी।
प्रेसवार्ता में विनोद आर्य ने सबसे बड़ा दावा यह किया कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि यह हत्या का मामला नहीं है, बल्कि जनदबाव में इसे हत्या का रूप दिया गया। उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने कहा कि स्थानीय मीडिया और सरकार के दबाव में पूरे मामले को हत्या का रूप दिया गया, यहां तक कि अंकिता के शव को नदी में इस तरह प्लांट किया गया, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत हो। उन्होंने कहा कि मीडिया में लगातार चले घटनाक्रम और आरोपियों को फांसी तक पहुंचाने की मांग से न्यायालय पर भी दबाव बना।
विनोद आर्य ने तत्कालीन SIT की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच CBI से कराने की मांग की। उनका कहना था कि अंकिता और उसके प्रेमी के बीच हुई मोबाइल चैटिंग को सही तरीके से जांच में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक न्यूज चैनल को दिए गए साक्षात्कार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रिसोर्ट पर बुलडोजर चलने से उन्हें 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं सुनी।
याद रहे कि अंकिता भंडारी की सितंबर 2022 में ऋषिकेश के वनंतरा रिजॉर्ट में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को 30 मई 2025 को पौड़ी की अदालत ने दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। मामला अब हाईकोर्ट में विचाराधीन है। विनोद आर्य के दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन इस प्रेसवार्ता के बाद एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बहस तेज हो गई है। जनता पूछ रही है कि अगर चैट में सच छिपा है तो उसे पहले क्यों नहीं खोला गया, और अगर यह सिर्फ दोषी को बचाने की कोशिश है तो कोर्ट इसका जवाब देगा।











