देहरादून। आज रविवार 15 नवंबर को उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 3300 मीटर से ऊपर की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश के आसार हैं। वहीं प्रदेशभर में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जगह हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
देहरादून में आज सुबह साफ आसमान के साथ तापमान 15 डिग्री के आसपास रहा। दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और रात में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का अनुमान है। दोपहर में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और बारिश की संभावना 40 प्रतिशत बताई गई है।
कल सोमवार 16 नवंबर से मौसम साफ हो जाएगा और धूप खिलेगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री रहेगा। मंगलवार से शुक्रवार तक भी मौसम साफ रहने और तापमान 22 से 23 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।











