जेनी प्रकरण में अब सबसे बड़ा मोड़ आ गया है। उत्तराखंड के बाद अब असम में भी हरक सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की खबर है।
एक तरफ खबर उत्तराखंड से है, जहां जेनी ने 6 नवंबर को डीजीपी दीपम सेठ को शिकायत दी थी, वो शिकायत डोईवाला की सीओ वंदना वर्मा के पास जांच में है। दूसरी तरफ खबर असम के गुवाहाटी से है, जहां जेनी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात की थी।
10 नवंबर को जेनी गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मिलीं, उन्होंने अपनी पूरी आपबीती सुनाई। 11 नवंबर को हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर लिखा, कल मैंने असम की निवासी जेनी से मुलाकात की, उत्तराखंड के हरक सिंह रावत नाम के व्यक्ति ने उसके साथ जो किया, वो अत्यंत गलत और निंदनीय है, किसी के साथ ऐसा अत्याचार नहीं होना चाहिए, न्याय की इस लड़ाई में मैं पूरी मजबूती से उसके साथ खड़ा हूं।
इसी मुलाकात के बाद जेनी ने गुवाहाटी में ही जीरो एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी। जेनी ने कहा था, मैं असम की बेटी हूं, बार-बार देहरादून आकर मुकदमा लड़ना मेरे लिए मुमकिन नहीं है, इसलिए मैं गुवाहाटी में ही जीरो एफआईआर दर्ज कराऊंगी, ताकि ये केस बाद में देहरादून ट्रांसफर हो जाए। जीरो एफआईआर का मतलब होता है, कोई भी थाने में किसी भी जगह का मुकदमा दर्ज करा सकता है, बाद में वो मुकदमा उस जगह के थाने में भेज दिया जाता है, जहां अपराध हुआ हो।
जेनी की तरफ से मांग यही है कि असम में दर्ज होने वाली जीरो एफआईआर में नाबालिग उम्र में हुए कथित दुष्कर्म, डेढ़-दो महीने तक घर में रखने, नारी निकेतन में रखने और बेटे को पिता का नाम न मिलने का पूरा मामला दर्ज हो, और फिर नए सिरे से सीबीआई जांच, डीएनए टेस्ट और नार्को टेस्ट हो। जेनी का कहना है, मुझे अपने लिए कुछ नहीं चाहिए, मुझे सिर्फ अपने 23 साल के बेटे के लिए पिता का नाम चाहिए, मेरा बेटा बिना पिता के नाम के बड़ा हुआ है, मुझे न्याय चाहिए।
हरक सिंह रावत की तरफ से इस असम वाली एफआईआर पर भी वही पुराना जवाब आया है। हरक सिंह का कहना है कि 2003 में ही सीबीआई जांच हो चुकी है, डीएनए टेस्ट में उनका डीएनए बच्चे से मैच नहीं हुआ था, सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दी थी, कोर्ट में मामला बंद हो चुका है, अब 23 साल बाद असम में जीरो एफआईआर कराना भी चुनाव से पहले की भाजपा की राजनीतिक साजिश है, ताकि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी वाले सवाल से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। हरक सिंह ने ये भी कहा है कि अगर शक है तो कोर्ट की निगरानी में उनका भी डीएनए टेस्ट करा लिया जाए, और अगर आज भी उन पर कोई दाग साबित हो जाए तो वो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।












