उत्तरकाशी : 3 नवंबर केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन में लापता हुए 8 ट्रेकर्स के मामले में आज रेस्क्यू टीम को बड़ी सफलता मिली है।
SDRF और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की संयुक्त टीम ने आज सुबह केदार खड़क इलाके में सर्च के दौरान बर्फ में दबे 2 लोगों के शव निकाले हैं। दोनों शव हिमस्खलन वाली जगह के पास मिले। इसके साथ ही टीम को टूटे हुए टेंट और ट्रेकर्स का सामान भी बिखरा हुआ मिला था, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगा।
जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर को गंगोत्री से 12 लोगों का दल केदारताल के लिए निकला था। रास्ते में हिमस्खलन आने से 4 लोग सुरक्षित नीचे आ गए थे, लेकिन 8 लोग 4000 मीटर की ऊंचाई पर भोज खड़क से आगे फंस गए थे। लापता लोगों में 5 बांकुरा पश्चिम बंगाल, 2 लखनऊ और 1 स्थानीय गाइड शामिल है।
एसडीआरएफ के मुताबिक कल शाम से मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। बर्फीला तूफान और एवलॉन्च के कारण टीम पैदल नहीं पहुंच पा रही है, इसलिए हेलीकॉप्टर से जवानों को ड्रॉप किया जा रहा है। आज दोपहर 3 बजे मौसम बिगड़ने पर टीम बेस कैंप लौट आई। कल सुबह दोबारा ऑपरेशन शुरू होगा और देहरादून से 6-7 लोगों की एक और टीम भेजी जा रही है।
इधर उत्तरकाशी वन विभाग ने 4000 मीटर से ऊपर सभी ट्रैकिंग रूट बंद कर दिए हैं और अगले आदेश तक परमिट जारी नहीं होंगे।












