हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच कई दिनों से चल रहा टकराव शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया। कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें जमीन पर गिराकर जमकर पीटा।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा स्वयं घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसी दौरान कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल परीक्षण के लिए कोतवाली पहुंचे, जिससे दोनों पक्षों की आमने-सामने मौजूदगी के कारण मामला और संवेदनशील हो गया।
कई दिनों से चल रहा था आंदोलन
बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन चल रहा था। इस दौरान कर्मचारी और प्रशासन आमने-सामने थे और मांगों को लेकर लगातार खींचतान चल रही थी। इसी तनाव के बीच शनिवार को यह हिंसक घटना हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











