हरिद्वार। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बसों पर हरिद्वार में हुई कार्रवाई के बाद सियासत गरमा गई है।
पंजाब सरकार की तीर्थ योजना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ये योजना 50 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के लिए है। सरकार बुजुर्गों को फ्री में तीर्थ कराती है। इसमें AC स्लीपर बस, AC होटल, खाना-पीना और मेडिकल इंश्योरेंस सब फ्री दिया जाता है।
इस योजना के तहत 3 मुख्य रूट हैं, जिन पर अब बसें चल रही हैं:
1. हरिद्वार-ऋषिकेश
2. खाटू श्याम – सालासर बालाजी (राजस्थान)
3. मथुरा-वृंदावन
इसके अलावा अमृतसर साहिब, आनंदपुर साहिब, वैष्णो देवी, नैना देवी, हजूर साहिब नांदेड़, पटना साहिब और अजमेर शरीफ तक भी यात्रा कराई जाती है। अब तक 5 लाख से ज्यादा बुजुर्ग इसका लाभ ले चुके हैं।
हरिद्वार में क्या हुआ?
इसी योजना के तहत हरिद्वार आई बसों की चेकिंग हुई। ARTO वरुणा सैनी ने बताया कि ये बसें पंजाब की नहीं, बल्कि MP, नागालैंड और अरुणाचल के नंबर की थीं। 5 बसों का परमिट-टैक्स फेल मिला, चालान काटा गया और 3 बसों को सीज कर दिया गया। बसों की बॉडी अवैध तरीके से लंबी करके ज्यादा सवारी बिठाई जा रही थी और इमरजेंसी गेट तक नहीं था। बाद में जुर्माना लेकर बसों को छोड़ दिया गया।
पंजाब के मंत्री हरपाल चीमा ने इसे भाजपा की साजिश बताया है, तो उत्तराखंड प्रशासन कह रहा है कि 6 राज्यों की 115 बसों पर कार्रवाई हुई है, किसी एक राज्य को निशाना नहीं बनाया गया, सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा देखी जा रही है।











