देहरादून। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को देहरादून पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
इस दौरान सीएम धामी ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के लिए कई अहम घोषणाएं की। सीएम ने कहा कि प्रदेश में पुलिस के 1600 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा देहरादून में पुलिस कर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा और पुलिस अस्पताल को अपग्रेड कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सीएम ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात प्रदेश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, सरकार उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।











