गंगटोक। भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद पूर्वोत्तर राज्य में विरोध तेज हो गया है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से नाम जुड़ने का हवाला देते हुए सिक्किम के लोगों ने 19 तारीख को सिक्किम बंद का ऐलान किया है।
सिक्किम की सड़कों पर लगे पोस्टरों पर साफ लिखा है – “अंकिता भंडारी प्रकरण में संदिग्ध दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में सिक्किम की जनता ने किया 19 तारीख को सिक्किम बंद की घोषणा।”
विरोध प्रदर्शन के दौरान लोग हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगा रहे हैं – “अंकिता को न्याय दो”, “दुष्यंत गौतम को संवैधानिक सुरक्षा नहीं” और “महिलाओं की आवाज नहीं दबाई जा सकती”।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गंभीर मामले में जिसका नाम विवादों में हो, उसे राज्यपाल जैसा संवैधानिक और सम्मानित पद नहीं दिया जाना चाहिए। सिक्किम के स्थानीय संगठनों ने केंद्र सरकार से इस नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड का सबसे चर्चित मामला रहा है, जिसमें लगातार न्याय की मांग उठती रही है। अब दुष्यंत गौतम की सिक्किम में नियुक्ति के बाद यह मामला फिर से गरमा गया है।










