श्रीनगर गढ़वाल। शारदीय नवरात्रि में मां धारी देवी के धाम में आस्था का अनोखा रंग देखने को मिल रहा है। जूना अखाड़े से जुड़े बाबा नारायण गिरि ने एक बार फिर अपने सिर पर हरियाली उगाकर सबको हैरान कर दिया है। नवरात्र के छठे दिन शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी यह साधना श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले बाबा नारायण गिरि पिछले तीन-चार साल से मां धारी देवी की शरण में श्रीनगर में ही रह रहे हैं। बचपन से पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद मां के प्रति उनका समर्पण अटूट है।
बाबा ने बताया कि उन्होंने नवरात्र के पहले दिन संकल्प लेकर सिर पर जौ बोए थे और महज छह दिन में वह हरियाली के रूप में उग आए। इस हरियाली को उन्होंने मां धारी देवी को समर्पित किया है।
मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु बाबा की इस साधना को देखकर भावुक हो रहे हैं और तस्वीरें ले रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्र में बाबा हर साल कुछ न कुछ अनोखी साधना करते हैं, लेकिन सिर पर हरियाली उगाना उनकी सबसे चर्चित साधना बन गई है।











