ऋषिकेश। श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय, पं. एल.एम.एस. परिसर, ऋषिकेश स्थित Centre of Excellence in Entrepreneurship & Incubation द्वारा देवभूमि उद्यमिता योजना (DUY) के अंतर्गत NCC कैडेट्स के लिए विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना तथा उच्च शिक्षा विभाग की इस पहल के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था। कार्यक्रम में 94 NCC कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसा वातावरण तैयार करें जिसमें विद्यार्थी केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजक और नवप्रवर्तक बनें। उन्होंने कैडेट्स से DUY के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
Centre of Excellence की निदेशक एवं DUY की नोडल अधिकारी प्रो. अनीता तोमर ने कहा कि केन्द्र परिसर में सशक्त उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि NCC से मिलने वाले अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण एक सफल उद्यमी के लिए बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता EDII अहमदाबाद के उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ. राजत शर्मा ने विद्यार्थियों को विचारों को अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता की शुरुआत समस्या की पहचान और उसके लिए नवाचारी समाधान खोजने से होती है। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों को उद्यमिता कौशल में बदलने की सलाह दी।
DUY के फैकल्टी मेंटर प्रो. डी. के. तिवारी ने बताया कि योजना के तहत विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मेंटर, बूटकैम्प, EDP प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम का संचालन DUY फैकल्टी मेंटर डॉ. शालिनी रावत ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को DUY के तहत रेजिडेंशियल बूटकैम्प, Entrepreneurship Development Programme (EDP), मेंटरशिप और उत्कृष्ट विचारों के लिए ₹1,00,000 तक की सीड फंड सहायता के बारे में जानकारी दी गई।
अंत में आयोजित संवाद सत्र में कैडेट्स ने अपने सवाल पूछे और उद्यमिता में आगे बढ़ने को लेकर उत्साह दिखाया।
यह कार्यक्रम *”Ideas Today, Enterprises Tomorrow”* की भावना के साथ आत्मनिर्भर और उद्यमशील उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।











