रुद्रप्रयाग। विद्वानों के गांव के नाम से प्रसिद्ध जनपद रुद्रप्रयाग के भट्टगांव ने एक बार फिर अपनी प्रतिष्ठा को और ऊंचा किया है। इसी गांव के सुप्रसिद्ध विद्वान परिवार से ताल्लुक रखने वाले दिनेश भट्ट जी ने आज दिल्ली में न्यायाधीश पद की शपथ ली है। उनके दिल्ली हाईकोर्ट के जज के रूप में नियुक्त होने की खबर से पूरे जनपद सहित समूचे उत्तराखंड में हर्ष का माहौल है।
बताया जा रहा है कि दिनेश भट्ट जी बचपन से ही मेधावी और सरल स्वभाव के रहे हैं। अपनी कड़ी मेहनत, लगन और विद्वता के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। भट्टगांव को पहले से ही विद्वानों का गांव कहा जाता है और यहां से कई बड़े विद्वान, शिक्षाविद और प्रशासनिक अधिकारी देश भर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब दिनेश भट्ट जी के न्यायाधीश बनने से इस गांव की गौरव गाथा में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है।
उनकी नियुक्ति पर गांव में जश्न जैसा माहौल है और लोग एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। क्षेत्र के बुजुर्गों और युवाओं ने कहा कि दिनेश भट्ट जी के न्यायाधीश बनने से युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी और जनपद का नाम देश की राजधानी में भी गर्व के साथ लिया जाएगा।








