काशीपुर। उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत आयोजित छह दिवसीय रेजिडेंशियल Entrepreneurship Development Programme का आज IIM काशीपुर में सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं में उद्यमिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित किया गया था, जिसका क्रियान्वयन EDII अहमदाबाद द्वारा किया गया। जबकि इस कार्यक्रम में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, ऋषिकेश नोडल विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

छह दिन तक चले इस आवासीय कार्यक्रम में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों सहित प्रदेश के कई उच्च शिक्षण संस्थानों से चयनित 38 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान छात्रों को क्लासरूम लेक्चर के साथ-साथ बिजनेस प्लान, मार्केट सर्वे, स्टार्टअप फंडिंग और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी अनीता तोमर ने बताया कि देवभूमि उद्यमिता योजना का उद्देश्य केवल नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला युवा तैयार करना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर छात्रों को उद्यमिता से जोड़ने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और चयनित छात्रों को आगे मेंटरशिप और इंक्यूबेशन सपोर्ट भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर IIM काशीपुर के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और भविष्य में अपने स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया।













