श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकोट स्थित शनि मंदिर में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई है। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट और दानपात्र का ताला तोड़कर करीब 25 से 30 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना 3 सितंबर शाम की है। मंदिर की देखरेख करने वाले युवक ने मंदिर समिति से जुड़े संजय कुमार फौजी को फोन कर बताया कि दानपात्र का ताला टूटा हुआ है और मुख्य गेट का ताला भी टूटा मिला है।
सूचना मिलते ही संजय कुमार ने श्रीकोट पुलिस चौकी में इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर टूटे हुए ताले कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस अब मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मंदिर समिति का अनुमान है कि दानपात्र में 25 से 30 हजार रुपये की राशि थी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








