हल्द्वानी। संभागीय परिवहन कार्यालय में मंगलवार शाम करीब चार बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक प्रशासनिक अधिकारी ने अपने सहकर्मी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर झोंक दिया। गोली अलमारी में रखे दस्तावेजों में जाकर फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी राज्य आंदोलनकारी कोटे से परिवहन विभाग में भर्ती हुआ है और हल्द्वानी कार्यालय में तैनात है। कुछ दिन पहले ही उसे सेवा पटल से हटाकर अन्य पटल पर लगाया गया था, जिसको लेकर वह नाराज चल रहा था। मंगलवार दोपहर भी किसी बात को लेकर उसका सहकर्मी से विवाद हुआ था, जिसे अधिकारियों ने समझाकर शांत करा दिया था।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आरोपी घर गया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर लौटा। शाम को दोबारा कहासुनी के बाद उसने फायर कर दिया। फायरिंग से पहले उसने कार्यालय में मौजूद लोगों से कहा कि छुट्टी कर दो, सभी घर जाओ। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।







