श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। विवि की शिक्षिका डॉ. मनीषा निगम को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयनित किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने 21 अगस्त को चयनित शिक्षकों की सूची जारी की है। इस सूची में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक के कुल 21 शिक्षकों को शामिल किया गया है। इन 21 में डॉ. मनीषा निगम का नाम भी शामिल है, जो विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है।
बताया गया कि यह पुरस्कार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, शोध और शिक्षण में नवाचार के लिए दिया जाता है। चयनित सभी शिक्षकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. निगम के चयन के बाद विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है और इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि के रूप में देखा जा रहा है।








