चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी यानी मयापुर क्षेत्र में बनी टीएचडीसी की जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार देर रात अचानक पानी और मलबा घुस गया। इस हादसे के समय सुरंग के अंदर 22 मजदूर काम कर रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल ने तुरंत मोर्चा संभाला और 22 में से 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन दुर्भाग्य से इस हादसे में 6 मजदूरों की जान चली गई। वहीं 14 अन्य घायल हैं, जिनका इलाज पीपलकोटी और आसपास के अस्पतालों में चल रहा है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही जिला प्रशासन के साथ SDRF, NDRF, ITBP और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने और सुरंग के अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। मलबे की वजह से सुरंग के अंदर जाना मुश्किल हो रहा है, इसलिए मशीनों की मदद ली जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाव कार्य में कोई कोताही न बरती जाए और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
फिलहाल सुरंग में पानी भरने की वजह और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पहाड़ों में मानसून के बीच इस तरह के हादसे फिर से सुरक्षा सवाल खड़े कर रहे हैं।







