देहरादून। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य अहम पदों में बदलाव कर सकती है।
हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड दौरे और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ हुई हाईलेवल बैठक के बाद ये चर्चाएं और तेज हुई हैं। 3 जून 2026 को दिल्ली में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी शामिल हुए थे। इसमें राज्य की सांगठनिक समीक्षा और बदलावों को आखिरी रूप देने पर चर्चा हुई।
2 दिन पूर्व उत्तराखंड के बेरोजगारों को कथित तौर पर गाली देने के बाद से भी वह बेरोजगारों और विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। इससे पहले वह नीट परीक्षा को ‘नेट’ परीक्षा कहने को लेकर ट्रोल हुए हैं।
खबरों के अनुसार भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम को भी बदला जा सकता है और नए संगठन महामंत्री की नियुक्ति भी जल्द हो सकती है। पार्टी 2027 चुनाव के लिए ‘कोर कमेटी’ के गठन और पीएम मोदी के संभावित दौरों की रूपरेखा पर भी काम कर रही है।
फिलहाल बदरीनाथ के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्हें 30 जुलाई 2022 को इस पद की कमान सौंपी गई थी और बाद में उन्हें दोबारा रिपीट भी किया गया। महेंद्र भट्ट गढ़वाल के ब्राह्मण चेहरे हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वह राज्यसभा सांसद भी हैं।
इससे पहले ये जिम्मेदारी मदन कौशिक के पास थी।
भाजपा के इन कदमों से साफ है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से एक मजबूत और नए नेतृत्व वाली टीम उतारने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि संगठन में 50% तक बदलाव संभव है।
हालांकि अभी तक प्रदेश अध्यक्ष बदलने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व की बैठकों और सांगठनिक समीक्षा के बाद ये तय माना जा रहा है कि चुनाव से पहले भाजपा उत्तराखंड में बड़े फेरबदल कर सकती है। सूत्रों के अनुसार पार्टी संगठन में जल्द बड़ा फेरबदल करने की तैयारी में है।








