रुद्रप्रयाग। पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को रुद्रप्रयाग में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। रुद्रा कॉम्प्लेक्स से शुरू होकर यह जुलूस पेट्रोल पंप तक पहुंचा।
जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम जनता ने भाग लिया। हाथों में मशालें और बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं पर अत्याचार बंद करो” और “न्याय दो, रोजगार दो” के नारे लगाए। पूरे शहर में युवाओं के आक्रोश की गूंज सुनाई दी।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा नेता प्रदीप थपलियाल ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। सालों की मेहनत के बाद भी पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण लाखों युवाओं के सपने टूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे तो उन पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया। यह लोकतंत्र की हत्या है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदीप थपलियाल ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय रहते पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू नहीं की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग के युवा अब जाग चुके हैं और अपने अधिकारों के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने भी कहा कि यह सिर्फ एक जुलूस नहीं, बल्कि प्रदेश भर के उन मेहनती युवाओं की आवाज़ है जो भ्रष्टाचार के कारण बेरोजगार होने को मजबूर हैं। लोगों ने मांग की कि पेपर लीक के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। साथी उन्होंने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करी।
प्रदर्शनकरियों में जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सुरेन्द्र प्रसाद सकलानी, शिव सिंह रावत, चैन सिंह पंवार, महावीर पंवार, गिरीश नेगी सहित सैकड़ो की संख्या मे कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।









