रिपोर्ट- हरिश चन्द्र
ऊखीमठ। शुक्रवार को विकासखंड ऊखीमठ के सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल भी मौजूद रहीं।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर उसकी पुष्टि से हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानों ने अपने गांव की समस्याएं उठाईं। पेयजल संकट, खराब सड़कें, बिजली कटौती, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, स्कूलों की स्थिति और सिंचाई के मुद्दे प्रमुखता से रखे गए।
बैठक में उस समय माहौल गर्म हो गया जब रूद्रप्रयाग जिले के कई विभागीय अधिकारी बैठक के बीच में मोबाइल फोन चलाते नजर आए। इसे गंभीरता से लेते हुए विधायक आशा नौटियाल और ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई जाती है, ऐसे में फोन चलाना गैरजिम्मेदाराना है।
बैठक में जल निगम, स्वजल, विद्युत विभाग, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, एनएच, स्वास्थ्य, वन, राजस्व, आपदा, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से उनके विभागों की प्रगति रिपोर्ट ली गई।
अंत में सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि जनता से जुड़े लंबित काम समय पर पूरे किए जाएं और शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर हो।









