उत्तराखंड के लिए मंगलवार का दिन अत्यंत दुखद समाचार लेकर आया। मणिपुर के उखरुल जनपद में असम राइफल्स के काफिले पर हुए उग्रवादी हमले में प्रदेश के दो वीर जवान शहीद हो गए।
शहीदों में वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और राइफलमैन चंद्र मोहन सिंह शामिल हैं। दोनों जवान ड्यूटी पूरी कर बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे, तभी घात लगाकर किए गए हमले में उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दे दिया। शहादत की सूचना मिलते ही प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।६
मणिपुर पुलिस और सुरक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर लगभग 1:50 बजे उखरुल जनपद के नुंगशांग कोंग क्षेत्र के निकट 40 असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। बताया गया कि जवान शांगशाक स्थित बटालियन मुख्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान उग्रवादियों ने अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और राइफलमैन चंद्र मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दोनों शहीद जवानों के परिवारों को सूचना दे दी गई है। प्रदेश सरकार ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक व्यक्त किया है।









