चमोली। मानसून की दस्तक से पहले ही चमोली जिले में बारिश आफत बनकर टूटी है। विकासखंड नारायणबगड़ क्षेत्र में देर रात हुई अतिवृष्टि के बाद भारी मलबा तेज बहाव के साथ सड़कों पर आ गया।
मलबे की चपेट में आकर कई दुकानों में गाद और पत्थर भर गए। सड़क किनारे खड़े कई वाहन भी दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुँच गईं। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है ताकि यातायात जल्द बहाल हो सके। प्रशासन की टीम प्रभावित दुकानों और अन्य नुकसान का आकलन भी कर रही है।
बारिश के पहले ही दौर में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्र में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।






