नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद से बातचीत की। बातचीत के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र की गंभीर स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट में बताया कि बातचीत के दौरान उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते तनाव, नागरिकों की मौत और नागरिक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात चिंताजनक हैं और इससे क्षेत्रीय स्थिरता पर असर पड़ सकता है।
पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा है। साथ ही आवश्यक वस्तुओं और ऊर्जा आपूर्ति के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करना भी भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।













