पौड़ी। गढ़वाल समेत पौड़ी जिले में भी गुलदार और भालू के आतंक के साए में ग्रामीण जीने को मजबूर हैं। बीते बुधवार को भालू ने पैठाणी रेंज के खंडूली गांव में एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसे घायलावस्था में एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
अब ऐसे में पौड़ी जनपद की लैंसडाउन विधानसभा के तैडिया गांव में बीती रात को भालू ने एक गौशाला की छत उखाड़ कर अंदर जाने का प्रयास किया। कुत्तों के भौंकने और ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर भालू भाग खड़ा हुआ।
स्थानीय ग्रामीण हरीश ध्यानी ने बताया कि बुधवार-गुरुवार देर रात्रि 12 बजे को रिखणीखाल तहसील के ग्राम पंचायत तैडिया गांव में शक्ति ध्यानी की गौशाला की छत पर एक भालू आ धमका। उसने छत पर लगी टीन सेट को उखाड़ने की कोशिश करी तो गांव के कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीण बाहर आए और उन्होंने भालू देखा। शोर मचाने के बाद भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन ऐसे में ग्रामीण जंगली जानवरों से अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन सहित वन विभाग से मदद की गुहार लगाई है।











