नई टिहरी। देहरादून, हल्द्वानी मे रैली के सफल आयोजन के बाद आज मूल निवास और भू कानून की मांग को लेकर मूल निवास एवं भू कानून समन्वय संघर्ष समिति ने रविवार को महा रैली का आयोजन किया। पूर्व नियोजित इस रैली में प्रदेश भर से हजारों आंदोलनकारी आज सुबह नई टिहरी पहुंचे। जहां इन्होंने एकत्रित होकर बाजार में जुलूस निकाला।
विभिन्न राजनीतिक दलों एवं संगठनों ने इस महारैली को समर्थन दिया। इस मौके पर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि भाजपा हो या कांग्रेस दोनों ही दल मूल निवास और भू-कानून के समर्थन में नहीं है। मूल निवास और सशक्त भू-कानून न होने का परिणाम बीते दिनों हल्द्वानी में देखने को मिला है। प्रदेश में जब तक अस्थाई निवास को समाप्त कर मूल निवास 1950 लागू नहीं किया जाता है और उत्तराखंड में एक सशक्त भू-कानून जब तक अपना स्वरूप नहीं ले लेगा तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अब जल्द ही कोटद्वार में एक महा रैली का आयोजन किया जाएगा।