रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में विजिलेंस की टीम ने आंगनबाड़ी महिला सुपरवाइजर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है। आरोप है कि सुपरवाइजर ने आंगनबाड़ी सहायिका से प्रमोशन कराने के एवज में यह घूस मांगी थी, लेकिन धरी गई। वहीं, अब विजिलेंस की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई।
देहरादून से आई विजिलेंस की टीम ने रुड़की के बाल विकास अधिकारी कार्यालय में छापा मारा। ग्रामीण द्वितीय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथ मौके पर ही दबोच लिया। इस मामले में आंगनबाड़ी सहायिका की शिकायत पर सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जिसके बात यह कार्रवाई की गई।
दरअसल, बाल विकास अधिकारी कार्यालय रुड़की ग्रामीण द्वितीय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी ने आंगनबाड़ी सहायिका से उसके प्रमोशन के लिए 50 हजार रुपए की मांग की थी। जिसकी शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने मामले की पुष्टि कर जाल बिछाया. तय योजना के तहत बुधवार यानी 25 मार्च को जैसे ही सहायिका ने रिश्वत की रकम ली, वैसे ही टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।











