लगातार कोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी को लेकर पुलिसकर्मी और उनके डॉग स्क्वाड जांच को लेकर दौड़ने में लगे हैं। मामूली से अपराधी को पकड़ने में सोशल मीडिया पर उत्तराखंड पुलिस अपनी पोस्ट वायरल कर रही है। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि पुलिस का आईटी सेल कहां है, जो अभी तक इन धमकी भरे ई-मेल करने वालों ट्रैक नहीं कर पाया है। दहशतगर्द कौन हैं!
राजधानी देहरादून, पौड़ी, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी सहित हाई कोर्ट नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल आ रहे हैं।
धाकड़ धामी का इंटेलिजेंस कहां सोया हुआ है, या उनके पास तकनीक का अभाव है।
कहीं बड़ी साजिश का अंदेशा तो नहीं
लगातार मिल रहे न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश को देखकर ऐसा लगता है कि यह उपद्रवियों द्वारा ध्यान भटकाने की कोशिश तो नहीं है, पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग को ऐसे में अलर्ट रहने की जरूरत है।
बहरहाल संदिग्ध ई-मेल मिलने के बाद पौड़ी पुलिस ने जिला एवं सत्र न्यायालय व कलेक्ट्रेट परिसर में की व्यापक सुरक्षा जांच की।
जनपद में एक संदिग्ध ई-मेल मिलने के बाद एहतियात के तौर पर पौड़ी पुलिस व प्रशासन द्वारा तत्काल उच्च सतर्कता बरती गई। सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिला एवं सत्र न्यायालय, पौड़ी तथा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, पौड़ी आदि शासकीय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुदृढ़ कर दिया गया। पौड़ी पुलिस द्वारा बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) एवं डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर बुलाकर उनके साथ मिलकर जिला न्यायालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान न्यायालय कक्षों, कार्यालय कक्षों एवं अभिलेखागार की गहन जांच, पार्किंग स्थलों एवं खड़े वाहनों की सूक्ष्म तलाशी, भवनों के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु प्राप्त नहीं हुई है फिर भी पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं सतर्कता के दृष्टिगत कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।










