उत्तराखंड की कथित मित्र पुलिस आजकल लगातार विवादों में है, तब चाहे अंकिता हत्याकांड हो या काशीपुर के सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण या फिर सामाजिक कार्यकर्ता केशव थलवाल प्रकरण।
हर मामलों में उत्तराखंड पुलिस की छवि खराब हुई है।
अब देवभूमि उत्तराखंड में पुलिस विभाग को शर्मशार करने वाला नया मामला सामने आया है, जिसमें ‘मित्र पुलिस’ कर्मी पर गंभीर आरोप लगे हैं, वहीं इस प्रकरण से विभाग में खलबली मची हुई है।
जनपद उधम सिंह नगर रुद्रपुर में एक पुलिसकर्मी पर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप लगा है, जिसके बाद आरोपी को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता ने बताया कि जब वह स्टेडियम जा रही थी, तभी आरोपी पुलिसकर्मी ने उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की।
पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
पीड़िता के मुताबिक, वह रोजाना की तरह स्टेडियम में खेल प्रशिक्षण के लिए जा रही थी, तभी आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा, किशोरी ने किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भाग निकली और स्टेडियम पहुंची, घटना के बाद पीड़िता ने साथियों और स्वजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी, सूचना मिलते ही पीड़िता के माता-पिता पुलिस लाइन पहुंचे और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी त्रिभुवन जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 7, 8 और 75 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और मामले की जांच की जा रही है।










