देहरादून। प्रदेश के 20 हजार से ज्यादा उपनल कर्मचारी हड़ताल छोड़ काम पर लौटने को राजी हो गए हैं। रविवार शाम सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से हड़ताली कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता सकारात्मक रही। दोनों ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भरोसा जताया गया। वार्ता में शामिल प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की पहल पर सोमवार को समान कार्य का समान वेतन मामले में लिखित आदेश हो जाएंगे।
उपनल कर्मचारी बीती 10 नवंबर से हड़ताल पर हैं। वह नियमितीकरण और समान वेतन की मांग कर रहे हैं। इस मामले में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पूर्व में ही उपनल कर्मचारियों के हक में फैसला दे चुका है। सरकार ने भी हाल में हुई कैबिनेट बैठक में उपनलकर्मियों की मांगों पर निर्णय ले लिया था। लेकिन कर्मचारी इस संबंध में लिखित आदेश पर अड़े थे। रविवार को सैनिक कल्याण मंत्री से वार्ता करने गए उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल, हरीश कोठारी, विनय प्रसाद, महेश भट्ट, पीएस बोरा, अनिल जुयाल सकारात्मक रुख के साथ लौटे।
गोदियाल ने कहा कि वार्ता अच्छी रही, सोमवार को सबकुछ अच्छा हो जाएगा। कर्मचारी भी हड़ताल खत्म कर देंगे क्यों कि उन्हें समान वेतन के लिए लिखित आदेश का आश्वासन मिला है। उधर, सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि वार्ता सकारात्मक रही। कर्मचारी हड़ताल खत्म करने को राजी हो गए हैं।










