जखोली (रुद्रप्रयाग)। विकासखंड जखोली के अंतर्गत पट्टी भरदार के जाखाल गांव की एक विवाहिता बीते तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। बताया जा रहा है कि महिला अपने मायके में चचेरी बहन की शादी में शामिल होने गई थी। शादी समारोह के बाद जब वह ससुराल लौट रही थी, तभी तिलवाड़ा क्षेत्र के पास से वह अचानक लापता हो गई।
परिजनों ने महिला की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद परिजनों ने जखोली तहसील में पहुंचकर राजस्व पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द महिला का पता लगाने की मांग की है। वहीं राजस्व पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।











