हरिद्वार। अपनी दूसरी शादी फिल्म अभिनेत्री उर्मिला सनावर से करने को लेकर विवादों में रहे हरिद्वार भाजपा के ज्वालापुर सीट से पूर्व विधायक सुरेश राठौर को आखिरकार अमर्यादित आचरण, सोशल मीडिया पर चर्चाओं और जरूरत से ज्यादा दिखावा करने के कारण अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
भाजपा के पूर्व विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्काषित कर दिया गया है।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सोशल मीडिया मे उनके अमर्यादित आचरण को लेकर वायरल वीडियो का पार्टी संज्ञान लेकर उन्हे कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
यहां बता दें कि 60 वर्षीय पूर्व विधायक राठौर पहले से ही विवाहित जीवन में हैं। हाल ही में उन्होंने दूसरी शादी करी थी, वह इस पत्नी को सार्वजनिक रूप पर स्वीकार नहीं कर सके थे। अभिनेत्री व उनकी दूसरी पत्नी उर्मिला का सोशल मीडिया पर कुछ समय से संग्राम छिड़ा हुआ था। इसके बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने सहारनपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सार्वजनिक रूप से उर्मिला को अपनी दूसरी पत्नी स्वीकार किया था।
सोशल मीडिया में छिड़ी बहस के बाद पार्टी उच्च अधिकारियों को पार्टी की छवि खराब होने की शिकायतें मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए पार्टी हाई कमान ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
पार्टी प्रवक्ता मनवीर चौहान ने कहा कि उन्हें नोटिस जारी किया गया था लेकिन उनके द्वारा दिये गए जवाब से संगठन संतुष्ट नही था। उन्हे लगातार पार्टी की मर्यादा एव्ं सामाजिक आचरण का उल्लंघन दोषी पाया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर उन्हे 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्काषित कर दिया गया है।