देहरादून। उत्तराखंड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता विभाग ने 27 नवंबर को 10 IAS-PCS अधिकारियों के तबादलों का आदेश जारी कर दिया है। सबसे बड़ा बदलाव नैनीताल और अल्मोड़ा में हुआ है। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को हटाकर अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग और अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है, यानी अब वे सीधे सीएम कार्यालय से जुड़कर काम करेंगे।
उनकी जगह अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। कृषि विभाग की अपर सचिव निधि यादव को अब खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अपर सचिव और निदेशक बनाया गया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा देहरादून के अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र को हरिद्वार का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता को देहरादून भेजा गया है। कुंभ मेला हरिद्वार के अपर मेलाधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अल्मोड़ा की डिप्टी कलेक्टर और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है, जबकि नैनीताल के डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुमार को अल्मोड़ा भेजा गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।










